बसना में बड़ी चोरी की वारदात, एक ही रात में 6 दुकानों के ताले टूटे

छग

Update: 2026-07-06 17:36 GMT
Pithora. पिथौरा। जिले के बसना नगर में रविवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक के बाद एक छह दुकानों को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इस घटना से पूरे व्यापारिक क्षेत्र में दहशत फैल गई है और दुकानदारों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। चोरों ने ताले और शटर तोड़कर दुकानों में प्रवेश किया और नकदी व सामान लेकर फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें नकाबपोश बदमाशों की गतिविधियां साफ दिखाई दे रही हैं।
जानकारी के अनुसार यह वारदात रविवार देर रात करीब 2 बजे से सोमवार सुबह 5 बजे के बीच की बताई जा रही है। चोरों ने योजनाबद्ध तरीके से अलग-अलग दुकानों को निशाना बनाया और कुछ ही घंटों में पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। दुकानदारों के अनुसार, चोरी की गई दुकानों में कई प्रकार का नुकसान हुआ है। पटेल कंसल्टेंसी सर्विसेस से लगभग 5 हजार रुपये नकद चोरी हुए, वहीं भारत मोबाइल दुकान से करीब 25 हजार रुपये गायब कर दिए गए। राधे कपड़ा दुकान से लगभग 30 हजार रुपये नकद चोरी की जानकारी सामने आई है।
इसी तरह राज पान दुकान से बिस्किट के पैकेट चोरी हुए, जबकि लक्ष्मी कंप्यूटर सेंटर से करीब 20 हजार रुपये नकद ले जाए गए। एक ब्यूटी पार्लर से भी लगभग 18 हजार रुपये नकद चोरी होने की बात सामने आई है। इसके अलावा दीपक मोबाइल रिपेयरिंग दुकान में भी चोर घुसे, जहां उन्होंने सामान को बुरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया, हालांकि वहां हुए नुकसान का आकलन अभी किया जा रहा है। एक ही रात में छह दुकानों में हुई इस वारदात के बाद बसना के व्यापारी डरे और आक्रोशित हैं। व्यापारियों का कहना है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से नगर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही बसना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में नकाबपोश चोरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया गया है, जो लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस चोरी की वारदात का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर में रात्रि गश्त की कमी के कारण चोरों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। फिलहाल पुलिस जांच जारी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। व्यापारिक क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और लोग जल्द न्याय की उम्मीद कर रहे हैं।
Tags:    

Similar News