प्रसिद्ध मिठाई दुकान में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

छत्तीसगढ़.

Update: 2026-07-11 07:21 GMT
तखतपुर: तखतपुर के प्रसिद्ध श्री गणेश कॉफी एंड स्वीट्स में शुक्रवार को भीषण आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे होटल को अपनी चपेट में ले लिया. स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटों पर काबू नहीं पाया जा सका. प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है.
घटना का सबसे चिंताजनक पहलू यह रहा कि जब तक फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची, तब तक आग सब कुछ तबाह कर चुकी थी. होटल का फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान, खाद्य सामग्री जलकर राख हो चुके थे, जिससे सालों की कमाई कुछ मिनटों में बरबाद हो गई. स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर तखतपुर में स्थायी फायर ब्रिगेड की व्यवस्था होती तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था.
गौरतलब है कि करीब दो वर्ष पहले मुख्यमंत्री ने तखतपुर में फायर ब्रिगेड उपलब्ध कराने की घोषणा की थी, लेकिन आज तक यह व्यवस्था शुरू नहीं हो सकी. हर आगजनी की घटना के बाद फायर ब्रिगेड की कमी का मुद्दा उठता है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो पाया है.
घटना के बाद लोगों में जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के प्रति नाराजगी देखने को मिली. उनका कहना है कि आग जैसी आपात स्थितियों से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड जैसी बुनियादी सुविधा का अभाव गंभीर चिंता का विषय है. लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों की उदासीनता और प्रशासन की सुस्त कार्यशैली का खामियाजा आम नागरिकों को बार-बार भुगतना पड़ रहा है.
Tags:    

Similar News