मिर्जापुर। नौकरशाही को त्याग कर राजनीति में उतरी पूर्व IAS अधिकारी दिव्या मित्तल ने जिले के चुनार क्षेत्र के भ्रमण के दौरान बड़ा राजनीतिक ऐलान किया है। जनमानस के बीच बातचीत में उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर जहां जरूरत होगी और अच्छे प्रत्याशी मिलेंगे, वहां से प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारे जाएंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मिर्ज़ापुर के चुनार विधानसभा सीट से भी अपना प्रत्याशी उतार चुनाव लड़ाएंगी।
दिव्या मित्तल के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं कि क्या वह सत्तापक्ष से गठबन्धन भी कर सकती हैं क्या? शनिवार को अपने चुनार विधानसभा क्षेत्र भ्रमण के दौरान उन्होंने सर्व प्रथम लोगों का अभिवादन करते हुए अपनी बात रखते हुए कहा चुनार विधानसभा क्षेत्र से भी जननीति भारत का अपना उम्मीदवार होगा। यहां से पार्टी पूरे मजबूती के साथ विधानसभा का चुनाव लडे़ेंगी। कहा जननीति भारत पार्टी को लगातार लोगों का स्नेह समर्थन मिल रहा है।
लोगों का जन सैलाब और कारवां बढ़ता ही जा रहा। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों के शासनकाल में यह जिला व्यापारिक हब हुआ करता था, लेकिन आज वही मिर्जा़पुर बदहाली का शिकार हो चुका है। यहां बनाई गई इमारतें जो कि आज भी अपनी एक अलग गाथा कहती नजर आ रही है, वह अपने अस्तित्व को बचाए रखने की जंग लड़ रही हैं। पीतल के बर्तनों का व्यवसाय इस शहर की पहचान थे, साथ ही साथ चुनार तहसील की बात करें तो यहां चीनी मिट्टी के बर्तन बनाने के कारखाने थे, लेकिन इनकी उपेक्षा ने सब कुछ नष्ट कर दिया। मिर्जापुर के गुलाबी पत्थर जो आज भी लखनऊ के अंबेडकर पार्क की कहानी की नई इबारत लिख रहे, बावजूद इसके यह जिला पिछड़ा हुआ क्यों है इसके सभी को आवाज उठानी है। मिर्ज़ापुर के वैभव को बरकरार रखने के लिए तथा राजनीतिक नहीं जननीति की बात के लिए सभी को कमर कस एक जुट होकर जननीति भारत को मजबूत बनाना होगा। इस दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों, गांवों का भ्रमण करते हुए व्यापक पैमाने पर भ्रमण कर जन सम्पर्क कर लोगों से संवाद स्थापित किया है। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद रहे हैं।
Tags: