Maihar मैहर। मध्य प्रदेश के मैहर जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच दर्दनाक हादसा सामने आया है। भांजे के जन्मदिन की खुशियों में शामिल होने जा रहे एक युवक और उसके दो मासूम भांजे बाइक समेत उफनते नाले में बह गए। हादसे के बाद चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन में 5 वर्षीय बच्चे का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि युवक और उसके 7 वर्षीय भांजे की तलाश जारी है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने रीवा-नागपुर नेशनल हाईवे-30 पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। जानकारी के मुताबिक, हादसा मैहर जिले के अमरपाटन और नादान थाना क्षेत्र की सीमा पर जूरा गांव के पास हुआ। अमरपाटन के खरमसेडा गांव निवासी 19 वर्षीय अंकुल कुशवाहा अपने दो भांजों 5 वर्षीय सार्थक और 7 वर्षीय विराज को बाइक पर बैठाकर अपनी बहन के घर तेंदुहटी जा रहे थे। परिवार में जन्मदिन का कार्यक्रम था और तीनों उसी में शामिल होने के लिए निकले थे।
बताया जा रहा है कि तेंदुहटी पहुंचने से पहले जूरा गांव के पास एक नाले पर रपटा पड़ता है। क्षेत्र में लगातार दो दिनों से हो रही तेज बारिश के कारण नाला उफान पर था और रपटे के ऊपर से तेज गति से पानी बह रहा था। रात होने के कारण बाइक चला रहे अंकुल को सड़क और पानी की गहराई का सही अंदाजा नहीं लग पाया। उन्होंने बाइक से रपटा पार करने की कोशिश की। रपटे के बीच पहुंचते ही पानी के तेज बहाव के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते अंकुल और दोनों बच्चे बाइक समेत नाले में बह गए। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस और प्रशासन को दी। इसके बाद पुलिस और एसडीईआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और तीनों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
रात में अंधेरा और पानी का तेज बहाव होने के कारण बचाव अभियान में परेशानी आई। सुबह होते ही गोताखोरों और बचाव दल ने दोबारा बड़े स्तर पर तलाश शुरू की। दोपहर में 5 वर्षीय सार्थक कुशवाहा का शव पानी से बरामद किया गया। वहीं 19 वर्षीय अंकुल कुशवाहा और 7 वर्षीय विराज की तलाश जारी है। एसडीईआरएफ, होमगार्ड और स्थानीय गोताखोर उनकी तलाश में जुटे हुए हैं। मैहर सीएसपी महेंद्र सिंह चौहान के मुताबिक, जूरा गांव के पास रपटा पार करने के दौरान तीन लोग पानी के तेज बहाव में बह गए थे। घटना के बाद से ही रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। एक बच्चे का शव बरामद हो चुका है, जबकि दो अन्य की तलाश की जा रही है। लगातार बारिश के कारण नाले का जलस्तर बढ़ा हुआ था।
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीण और परिजन आक्रोशित हो गए। उन्होंने रपटे पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने और प्रशासनिक लापरवाही का आरोप लगाते हुए रीवा-नागपुर नेशनल हाईवे-30 पर चक्काजाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाइश दी, जिसके बाद जाम हटाया गया और यातायात बहाल हो सका। फिलहाल घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में लापता मामा और भांजे की तलाश लगातार की जा रही है। बारिश और नाले के तेज बहाव के कारण रेस्क्यू टीम को अभियान में चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
Tags: