कवर्धा : छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के दूरस्थ वनांचल से स्वास्थ्य विभाग की तत्परता और चिकित्सकों के समर्पण की सराहनीय खबर सामने आई है। गंभीर निमोनिया और सांस लेने में तकलीफ से जूझ रहे 5 वर्षीय बैगा बालक को समय पर उपचार मिलने से राहत मिली है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में ही बच्चे की गंभीर स्थिति की पहचान की और तत्काल अस्पताल में भर्ती कराकर इलाज शुरू कराया। करीब 15 दिनों तक उपचार के बाद मासूम स्वस्थ होकर अपने घर लौट आया है। यह मामला पंडरिया विकासखंड की ग्राम पंचायत अमनिया के आश्रित ग्राम डेंगुरजाम के पारा टेंड़ापानी का है। यह क्षेत्र दूरस्थ वनांचल में स्थित है, जहां स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए विभाग द्वारा विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
गांव पहुंचे बीएमओ
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले बैगा परिवारों तक चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने के लिए घर-घर स्वास्थ्य परीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के दौरान ग्राम डेंगुरजाम के टेंड़ापानी पारा में रहने वाले 5 वर्षीय बालक की जांच की गई। स्वास्थ्य परीक्षण में बच्चे में गंभीर निमोनिया और सांस लेने में परेशानी के लक्षण पाए गए। बालक की स्थिति को देखते हुए विकासखंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) डॉ. जानकीशरण चन्द्रवंशी ने तत्काल पहल की। उन्होंने बच्चे को उसके माता-पिता के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पंडरिया पहुंचाने की व्यवस्था की। अस्पताल पहुंचने के बाद बालक को उपचार के लिए भर्ती कराया गया।
डॉक्टरों ने की नियमित निगरानी में चला 15 दिनों तक इलाज 
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पंडरिया में बालक का उपचार शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. कुणाल बिसेन के मार्गदर्शन में किया गया। बीएमओ डॉ. जानकीशरण चन्द्रवंशी ने भी बच्चे की स्वास्थ्य स्थिति की नियमित निगरानी की। चिकित्सकों की देखरेख में बालक का लगभग 15 दिनों तक उपचार चला। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इलाज के दौरान बच्चे की हालत में सुधार हुआ। उपचार पूरा होने के बाद 31 अक्टूबर 2026 को बालक को स्वस्थ अवस्था में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। बालक के घर लौटने से परिवार को बड़ी राहत मिली।
बेटे के स्वस्थ होने से परिवार में खुशी
गंभीर बीमारी से पीड़ित मासूम के स्वस्थ होकर घर लौटने के बाद उसके माता-पिता और परिजनों में खुशी का माहौल है। परिवार ने समय पर बीमारी की पहचान करने, अस्पताल में इलाज उपलब्ध कराने और बच्चे की नियमित निगरानी के लिए चिकित्सकों तथा स्वास्थ्य विभाग का आभार व्यक्त किया। दूरस्थ गांव में रहने वाले परिवार के लिए समय पर चिकित्सा सहायता मिलना महत्वपूर्ण साबित हुआ।
बैगा परिवारों तक पहुंच रही स्वास्थ्य विभाग की टीम
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.के. तुर्रे के निर्देशानुसार जिले के दूरस्थ वनांचल और विशेष पिछड़ी जनजाति बहुल क्षेत्रों में स्वास्थ्य परीक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य गांवों में रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य की जांच करना और गंभीर बीमारी के लक्षण मिलने पर मरीजों को समय रहते अस्पताल पहुंचाना है। इसके तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर ग्रामीणों की जांच कर रही है। जरूरतमंद मरीजों को उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य संस्थानों से जोड़ने की व्यवस्था भी की जा रही है। विशेष रूप से दूरस्थ इलाकों में रहने वाले बच्चों, महिलाओं और अन्य जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।